सुबह से लेकर रात्रि तक देवी मंदिरों में उमड़ी भक्तो की भीड़

सिकंदराराऊ । चैत्र नवरात्र के छठवें दिन मंगलवार को देवी भक्तों द्वारा आस्था के साथ माँ भगवती के छठवें स्वरूप माँ कात्यायनी देवी की घर घर में आराधना की गई। भोर से ही देवी मंदिरों पर पूजा अर्चना करने को श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा और माता रानी के दर्शन कर श्रद्धालुओ ने माता रानी परिक्रमा की। जिससे मंदिरों में माहौल भक्तिमय बना रहा। देवी की पूजा अर्चना करने को भक्तों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
मंगलवार की सबुह से ही भक्तों द्वारा घरों में लौंग , कपूर से माँ की पूजा अर्चना की गई। देवी मंदिरों में भोर से ही भक्त माता का जलाभिषेक करने को हाथों में लौटा एवं अग्यारी कुंड लेकर पहुँचे । जहाँ भक्तों द्वारा माता रानी का जलाभिषेक कर सुख समृद्धि की मनोकामना पूर्ण करने के लिए प्रार्थना की गई । दोपहर तक मंदिरों में भक्तो की भीड़ नजर आई । कस्बा के मोहल्ला नगला शीशगर स्थित सिद्धपीठ माँ ब्रजेश्वरी पथवारी माता मन्दिर , पीपल वाली माता मन्दिर , माँ चामुंडा मन्दिर, शिवालय वाली काली माता ,केला माता मंदिर ,संतोषी माता मंदिर पर माता रानी के दर्शन करने को भोर से ही देवी भक्तों का तांता लगा रहा। शाम को मंदिरों पर रंग बिरंगी विद्युत झालरें लोगो को आकर्षित करती दिखी। मंदिरों में माता रानी के भव्य श्रृंगार किए गए और धार्मिक अनुष्ठानो का आयोजन भी हुआ । मंदिरों से लेकर घरों तक भक्ति की बयार बही । माता रानी के जयघोषों से वातावरण भक्तिमय हो गया।












