
हाथरस। प्रदेश में लागू की जा रही स्मार्ट मीटर व्यवस्था अब आम जनता के लिए राहत नहीं बल्कि मुसीबत बनती जा रही है। विद्युत विभाग की मनमानी के चलते उपभोक्ताओं की बिजली बिल जमा करने की अंतिम तिथि से पहले ही काटी जा रही है और बिल जमा करने के बाद भी जबरन एडवांस बिल वसूला जा रहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने उक्त पूरे मामले को सरकार की विफलता और जनविरोधी नीतियों का परिणाम बताते हुए कहा है कि यह सब कुछ सरकार के संरक्षण में हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को सुविधाएं देने के नाम पर लाए गए स्मार्ट मीटर अब केवल वसूली का जरिया बन गए हैं।उन्होंने कहा है कि एक तरफ जनता महंगाई से जूझ रही है और दूसरी तरफ सरकार उसके ऊपर आर्थिक बोझ डालने का काम कर रही है। यह पूरी तरह अन्यायपूर्ण है और कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने सरकार और विद्युत विभाग से तत्काल मांग करते हुए कहा है कि अंतिम तिथि से पहले बिजली काटने की कार्यवाही पर तत्काल रोक लगाई जाए।एडवांस बिल वसूली की जबरन प्रक्रिया को पूरी तरह बंद किया जाए।स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए।उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।कांग्रेस पार्टी हमेशा से आम जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी हर अन्याय के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाती रहेगी।












