
मुरसान-9 फरवरी। कस्बा में ढाई वर्षीय बच्चे की सड़क हादसे में मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने जहॉ जमकर बवाल किया, वहीं मथुरा रोड पर जाम लगाने के बाद भीड़ ने मुरसान थाने पर पथराव किया। जिसमें कोतवाली प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने मामले में 51 लोगों को नामजद और 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आज मृत बच्चे का अंतिम संस्कार कड़ी सुरक्षा के बीच कराया गया।
उक्त घटनाक्रम में गत शनिवार को कस्बा के किला मढ़ेया निवासी रूपेश कुमार उर्फ रूपा के ढाई वर्षीय पुत्र यश की एक कार से कुचलकर मौत हो गई थी। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने पहले मथुरा रोड पर जाम लगाया और फिर देर शाम को करीब 15 मिनट तक मुरसान थाने पर पथराव किया गया जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पथराव के दौरान पुलिस की कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ीं। इस घटना में कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरी सहित सात पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के वीडियो फुटेज के आधार पर 51 लोगों की पहचान कर उन्हें नामजद किया है। इसके अलावा 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीन उपद्रवियों बबलू, धीरज और रामबाबू निवासी मुरसान को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस द्वारा कार चालक और उसके साथी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। मृत बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया गया और कड़ी सुरक्षा के बीच उसका अंतिम संस्कार किया गया। बच्चे के घर पर पूरे दिन मातम पसरा रहा। उक्त घटना से आक्रोशित लोगों द्वारा पहले पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक हुई, जिसके बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। मुरसान थाने के सामने ही रेलवे ट्रैक है। आक्रोशित लोगों ने रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर पत्थर उठाए और थाने पर जबरदस्त पथराव शुरू कर दिया। जिससे थाने का बोर्ड टूट गया। अंदर खड़ी गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। करीब 15 मिनट तक पथराव हुआ। घटना के बाद एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने आज थाने का दौरा कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।









