
सिकन्द्राराऊ- 9 फरवरी। एनएच 34 के अलीगढ़ रोड स्थित गांव रतनपुर के निकट वाहन का इंतजार कर रहे चार लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। हादसे में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार अलीगढ़ में एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। घायल युवक की मां ने अज्ञात कार चालक के विरुद्ध कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली में चंद्रवती पत्नी ब्रजमोहन निवासी गांव खंदवार थाना विजयगढ़ अलीगढ़ ने दर्ज कराई रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि गत 1 फरवरी की दोपहर 3.30 बजे करीब उनका पुत्र विजय कुमार अपने दोस्त कुलदीप शर्मा के साथ क्षेत्र के गांव रतनपुर हाईवे पर खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहा था । वहां पहले से मौजूद सौरभ और अमित से बातचीत कर रहे थे। तभी सिकन्द्राराऊ की ओर से तेज गति से आ रही एक कार ने चारों लोगों में टक्कर मार दी। जिससे चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई ।आनन फानन में सभी घायलों अलीगढ़ के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका उपचार जारी है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।









