
हाथरस- 9 फरवरी। थाना मुरसान पुलिस एवं एन्टी थैफ्ट टीम की संयुक्त कार्यवाही में थाना मुरसान क्षेत्रान्तर्गत ग्राम कटैला में खेत पर हथौडा मारकर एक वृद्ध महिला की हुई सनसनीखेज हत्या की घटना का आज सफल खुलासा करते हुए घटना करने वाले 1 हत्यारोपी को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से 1 हथौडा (आलाकत्ल) बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक कल 8 फरवरी को चित्तर सिहं पुत्र हरिप्रसाद सिह निवासी गाँव कटेला थाना मुरसान ने थाना मुरसान पर सूचना दी कि कल दोपहर लगभग 1.30 बजे मै अपने खेत पर बने कोठरी व मन्दिर पर मौजूद था। छुट्टन उर्फ छोटेलाल पुत्र ताराचन्द निवासी ग्राम भकरोई थाना मुरसान ने मेरी माँ 85 वर्षीय श्रीमती प्रेमवती देवी के सिर पर हथौडे से जान से मारने की नियत से हमला कर दिया। जिसके सम्बन्ध में तहरीर के आधार पर थाना मुरसान पर सुसंगत धाराओं मे अभियोग पंजीकृत किया गया। घायल महिला को उपचार हेतु जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहाँ से चिकित्सकों द्वारा बेहतर उपचार हेतु अलीगढ रेफर कर दिया । मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ में घायल महिला की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। जिसके उपरांत मुकदमा में सुसंगत धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा उक्त घटना को गंम्भीरता से लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में घटना में शामिल हत्यारोपी की गिरफ्तारी हेतु प्रभारी निरीक्षक मुरसान को निर्देशित किया गया तथा एन्टीथैफ्ट टीम को भी लगाया गया। जिसके क्रम में थाना मुरसान पुलिस एवं एन्टी थैफ्ट टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए ग्राम कटैला के खेतों में महिला की हथौडा मारकर हत्या करने वाले आरोपी छुट्टन उर्फ छोटेलाल पुत्र ताराचन्द निवासी ग्राम भकरोई को ग्राम भकरोई से गिरफ्तार किया गया है। जिसकी निशादेही पर आलाकत्ल एक हथौडा बरामद हुआ है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक वी.पी.गिरी मय टीम थाना मुरसान व निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह प्रभारी एन्टीथैफ्ट मय टीम शामिल थे।









