ट्रेन से गिरकर पाॅलिटेक्निक छात्र की मौत

हाथरस-9 फरवरी। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के सिकंद्राराऊ रोड पर कस्बा मेण्डू के पास भैरवनाथ मंदिर के सामने पूर्वोत्तर रेलवे ट्रैक पर आज एक 19 वर्षीय छात्र की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। घटना की खबर पाकर मौके पर लोगों की भीड़ लग गई वहीं सूचना पाकर थाना पुलिस भी पहुंच गई।
बताया जाता है जनपद अलीगढ़ के दादों कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला सीर नाहा निवासी 19 वर्षीय छात्र आकाश पुत्र सोमवीर, जो कि शहर के एमजी पॉलिटेक्निक का छात्र था। जानकारी के अनुसार आकाश कल देर शाम गंभीर रूप से घायल अवस्था में रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। देखने से प्रतीत होता था कि वह चलती ट्रेन से गिर गया था। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना रेलवे पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल आकाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। देर रात उसकी पहचान हो सकी और उसके परिवार को सूचित किया गया। मृतक छात्र आकाश शहर में एमजी पॉलिटेक्निक में पढ़ाई कर रहा था और किराए के मकान में रहता था। परिवार के लोगों का कहना है कि वह यह नहीं बता सकते कि आखिर आकाश ट्रेन से कहां जा रहा था। घटना के बाद उसके परिवार में भारी कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment