
सिकन्द्राराऊ-17 जनवरी । कस्बा की मंडी गांधीगंज में आज सुबह एक बार फिर अतिक्रमण को लेकर दो पक्षों के बीच तीखा विवाद हो गया। विवाद की सूचना मिलते ही मंडी परिसर में भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए । जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण बन गया। गनीमत रही कि समय रहते मामले को समझा बुझाकर शांत कर दिया। अन्यथा स्थिति और अधिक बिगड़ सकती थी।।
बताया जाता है मंडी गांधीगंज परिसर में एक पक्ष द्वारा अवैध रूप से अतिक्रमण कर दुकानें लगा ली जाती हैं। इसके अलावा ठेले और अस्थायी फल-सब्जी की दुकानें भी बिना अनुमति के खड़ी कर दी जाती है । जिससे मंडी में आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। इसका सीधा असर स्थायी दुकानदारों पर पड़ता है । जिन्हें न तो दुकान के सामने जगह मिलती है और न ही ग्राहकों को आने-जाने में सुविधा रहती है। इसी को लेकर आए दिन विवाद की स्थिति बनती रहती है। मंडी गांधीगंज में अतिक्रमण का यह मुद्दा नया नहीं है। पूर्व में भी कई बार इसी कारण दुकानदारों के बीच झगड़े हो चुके हैं । जिनमें मारपीट, घायल होने और पुलिस कार्यवाही तक की नौबत आई है। कई मामलों में पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित करनी पड़ी है और दोषियों को हिरासत में लेकर जेल भी भेजा गया है।। प्रशासन द्वारा कई बार सख्ती करते हुए अतिक्रमण हटवाया गया, लेकिन कुछ ही दिनों बाद हालात फिर पहले जैसे हो जाते हैं।आज सुबह भी फल लगाने वाले ठेले वालों और स्थायी दुकानदारों के बीच इसी मुद्दे पर विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। जिससे तनाव बढ़ गया। हालांकि कुछ जिम्मेदार लोगों और स्थानीय नागरिकों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन स्थायी और ठोस कार्यवाही नहीं करता है तो अतिक्रमण की यह समस्या बार-बार सिर उठाती रहेगी और शहर की शांति व्यवस्था को गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मंडी गांधीगंज में अवैध अतिक्रमण पर स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।









