हाथरस थाना चंदपा क्षेत्र के गांव भूतपुरा में एक युवक को नशे की हालत में सांप पकड़ना भारी पड़ गया। इस दौरान जहरीले सांप ने युवक को डस लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और उसे तत्काल उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार गांव भूतपुरा में विशाल कुलश्रेष्ठ के घर में अचानक एक सांप निकल आया, जिससे परिवार में दहशत फैल गई। परिजनों ने तत्काल वन विभाग और पुलिस को इसकी सूचना दी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला मोनू शर्मा जो कि कथित रूप से नशे में था,वह भी मौके पर पहुंच गया। ग्रामीणों के अनुसार उसने बिना किसी सुरक्षा उपाय के सांप को पकड़ने की कोशिश शुरू कर दी। पहले उसने सांप पर ईंटें फेंकीं और बाद में उसे हाथ से पकड़ लिया। इसी बीच सांप ने उसे डस लिया। सर्पदंश के बावजूद युवक पीछे नहीं हटा और उसने अन्य लोगों की मदद से सांप को मार डाला। हालांकि, कुछ ही समय बाद उसके शरीर में जहर का असर दिखने लगा और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। ग्रामीणों ने तत्काल उसे बागला जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका आपातकालीन उपचार चल रहा है। चिकित्सक उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं।
वन विभाग के विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में केवल प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को ही बुलाया जाना चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।












