हाथरस कोतवाली सदर क्षेत्र के मौहल्ला नाई का नगला में उस समय हड़कंप मच गया, जब आपस में झगड़ रहे शराब के नशे में धुत युवकों ने बीच-बचाव करने पहुंची एक युवती पर ही जानलेवा हमला कर दिया। जिससे युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ युवक एक दुकान के बाहर आपस में मारपीट कर रहे थे। पास ही मौजूद युवती ने विवाद को शांत कराने और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवकों को उसका हस्तक्षेप पसंद नहीं आया। आरोप है कि गुस्से में आए युवकों ने युवती को घेर लिया और लात-घूसों से उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर पथराव होने लगा। इस पथराव की चपेट में आकर कुछ राहगीर भी घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने घायल युवती को तत्काल बागला जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद, पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।












