गैस को लेकर ग्रामीणों ने किया हंगामा: आरोप

सहपऊ-25 अप्रैल। थाना क्षेत्र के गांव पीहुरा गांव स्थित एक गैस एजेंसी पर आज उस समय भारी हंगामा हो गया, जब उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिले।बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंचे, लेकिन घंटों इंतजार करने के बावजूद जब उन्हें गैस उपलब्ध नहीं कराई गई, तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने एजेंसी परिसर में नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का आरोप है कि गैस की डिलीवरी समय पर नहीं हो रही है और बुकिंग के कई दिनों बाद भी सिलेंडर नहीं पहुंच रहे हैं।इसी के चलते लोगों के दैनिक कामकाज पर असर पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं को मजबूरन एजेंसी के गोदाम पर आकर लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ रही है। आक्रोश व्यक्त करने वाले ग्रामीणों में अशोक कुमार, गिरीश कुमार, उम्मेद सिंह, अमर भारद्वाज, मानू माथुर और सुनील कुमार सहित तमाम ग्रामीण शामिल थे।
भीषण गर्मी के बीच महिलाओं और बुजुर्गों को खाली सिलेंडर लेकर इधर-उधर भटकते देखा गया, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है। उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि एजेंसी कर्मचारियों का व्यवहार संतोषजनक नहीं है और उन्हें सही जानकारी भी नहीं दी जाती, जिससे लोगों में और ज्यादा आक्रोश फैल रहा है।वहीं गैस एजेंसी संचालक सुनीता गौतम का कहना है कि गैस की आपूर्ति बुकिंग के अनुसार की जा रही है और हंगामे जैसी कोई गंभीर स्थिति नहीं है। सूचना मिलने पर संचालक मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही आपूर्ति व्यवस्था को सुधार दिया जाएगा और नियमित डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ-साथ आंदोलन करने को भी मजबूर होंगे।हालांकि बाद में लोगों को समझाकर शांत करा दिया गया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment