
सिकंदराराऊ। थाना हसायन क्षेत्र के गांव नगरिया पट्टी देवरी के समीप एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी । हादसे में बाइक से सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया । जहां से हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने अलीगढ़ रेफर कर दिया ।
बताया जाता है कि गांव नगरिया पट्टी देवरी निवासी बंटी, सोनू और राजनाथ रविवार की रात्रि को बाइक पर सवार होकर सिकंदराराऊ से अपने गांव की ओर आ रहे थे। जैसे ही वे गांव के निकट पहुंचे । तभी सामने से तेज गति से आ रहे एक डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आनन फानन में घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया । जहां से चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायल युवकों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया ।









