रोडवेज बस ने बाइक को रौंदाःमैनेजर की मौत


हाथरस-6 फरवरी। थाना हाथरसगढ़ क्षेत्र के अलीगढ़ रोड पर बाइक सवार 2 लोगों को एक रोडवेज बस में रौंद दिया, जिससे बाइक पर सवार एक गलीचा फैक्ट्री के मैनेजर की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उक्त घटना बीती रात गांव रूहेरी के पास हुई, जहाँ एक रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। घटना से मृतक के परिवार में भारी कोहराम मच गया है।
बताया जाता है थाना हाथरस गेट क्षेत्र के साकेत कॉलोनी निवासी करीब 52 वर्षीय मुकेश कुमार शर्मा पुत्र लक्ष्मीनारायण शर्मा रूहेरी के निकट एक गलीचा फैक्ट्री में काम करते थे और मैनेजर के रूप में कार्यरत थे। बीती रात्रि को वह फैक्ट्री से काम खत्म कर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में गांव रुहेरी के पास उनकी बाइक में अलीगढ़ की ओर से आ रही एक रोडवेज बस ने टक्कर मार दी।जिससे मुकेश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तत्काल उपचार हेतु गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अलीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पाकर मौके पर थाना पुलिस पहुंच गई और शव को कब्जे में लिया तथा पोस्टमार्टम के लिए पोस्टमार्टम गृह भिजवा दिया। उक्त घटना में मुकेश शर्मा के साथ बैठा एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गया और उसे भी उपचार हेतु जिला अस्पताल भिजवाया गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर मुकेश शर्मा के परिवार के सदस्य और कॉलोनी के अन्य लोग भी अस्पताल पहुंच गए। मुकेश अपने पीछे परिजनों के अलावा दो बच्चे एक बेटा व एक बेटी को रोते छोड़ गए हैं। घटना के बाद उनके परिवार के लोगों में कोहराम मचा हुआ है और भारी मातम छा गया है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment