
सिकन्द्राराऊ-3 फरवरी। मौसम के तेवर तल्ख होते जा रहे है। कोहरे एवं गलन भरी सर्दी का प्रकोप जारी है। आज दूसरे दिन भी कोहरा छाने के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। जिससे सड़क एवं रेलवे यातायात पर भारी असर पड़ा।
आज स्कूल जाने वाले बच्चों एवं कामकाजी लोगों को भारी परेशानियों का सामना भी करना पड़ा। दो दिन बाद आज दोपहर को निकली धूप से लोगो को सर्दी से राहत मिली। दो दिनों से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। जिससे लोगों को ठिठुरन एवं गलन का सामना करना पड़ा। लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। वहीं बाजारों में ऊनी कपड़ों की मांग बढ़ गई। बुजुर्ग ,बच्चों और बीमार लोग ठंड से अधिक प्रभावित दिखाई दिए। दोपहर तक कोहरे की चादर तनी रही।
छोटे-छोटे बच्चे घने कोहरे में कपकपाते हुए स्कूल पहुंचे। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन चालक दिन में लाइट जलाकर वाहनों को चलाते हुए दिखाई दिए। दोपहर तीन बजे करीब धूप निकली। धूप के निकलते ही लोगो के चेहरे खिल उठे। दो दिन बाद निकली धूप से लोगों को सर्दी से भारी राहत मिली।









