अज्ञात बस ने बाइक में मारी टक्कर, पिता की मौत, चाचा समेत तीन घायल:पुत्री के लिए रिश्ता देखने को जा रहा था मृतक

सिकंदराराऊ। एनएच 34 के एटा रोड स्थित गांव मुगलगढ़ी के पास शुक्रवार को एक तेज रफ्तार अज्ञात बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 38 वर्षीय एक युवक की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई,जबकि चाचा समेत तीन लोग घायल हो गए। युवक की मौत से परिजनों में चीत्कार मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
बताया जाता है कि थाना हसायन क्षेत्र के गांव पायदापुर निवासी 38 वर्षीय वीरेंद्र कुमार शुक्रवार की दोपहर को अपनी पुत्री के लिए रिश्ता देखने को बाइक सवार होकर अपने चाचा अमर सिंह, पड़ोसी दीपक एवं 12 वर्षीय यशपाल के साथ अलीगढ़ जा रहे थे।

दोपहर 2 बजे करीब जैसे ही बाइक सवार गांव मुगलगढ़ी के निकट पहुंचे। तभी पीछे से तेज गति से आ रही अज्ञात बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार वीरेंद्र कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई ,जबकि चाचा अमर सिंह , पड़ोसी राहुल एवं 12 वर्षीय यशपाल घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। आनन फानन में घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल चाचा अमर सिंह को रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों के हाहाकार मच गया और परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment