सिकंदराराऊ । मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वेद प्रकाश के निर्देशन में क्षेत्र में संचालित अपंजीकृत चिकित्सकों एवं अवैध क्लीनिकों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की द्वारा छापेमार कार्रवाई की गई। विभागीय कार्रवाई से झोलाछाप चिकित्सकों में हड़कंप मच गया। टीम को देख झोलाछाप अपने प्रतिष्ठानों के शटर गिराकर भाग गए। इस दौरान टीम ने चार अवैध क्लीनिकों को सील किया और एक क्लीनिक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ आर के वर्मा के नेतृत्व में गुरुवार को क्षेत्र में अपंजीकृत चिकित्सकों एवं अवैध क्लीनिकों पर छापेमारी की गई। इस दौरान टीम ने राहुल क्लीनिक अगसौली चौराहा, महिमा क्लीनिक रतिभानपुर, कस्बा सिकंदराराऊ में जी टी रोड पर श्याम क्लीनिक एवं कचौरा में छापेमार कार्रवाई की। टीम को राहुल क्लीनिक,महिला क्लीनिक एवं गांव कचौरा में दो क्लीनिकों पर कोई चिकित्सक अथवा संचालक उपस्थित नहीं मिले। जिन्हें टीम द्वारा सील कर दिया गया। वहीं कस्बा सिकंदराराऊ के जी टी पर श्याम क्लीनिक को कारण बताओ नोटिस दिया है। विभागीय कार्रवाई से झोलाछाप चिकित्सकों में खलबली मची रही।










