सिकंदराराऊ। थाना हसायन क्षेत्र के गांव गुजरपुर में नामजदों ने एक परिवार को पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।गांव गुजरपुर निवासी शनि कुमार पुत्र पूरन सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाते हुए कहा है कि 11 नवंबर की रात्रि 8 बजे करीब गांव का ही कुंजबिहारी पुत्र साहब सिंह उसके घर के सामने खड़े होकर बेवजह उससे गाली गलौज कर रहे थे।
जब उसने गाली गलौज का विरोध किया तो आरोपी ने अपने पुत्र यशवीर व भाई मोती एवं भतीजे नरेश पुत्र मोती को मौके पर बुला लिया। चारों आरोपियों ने लाठी डंडों एवं सरिया से उस पर हमला कर दिया। जिससे वह लहूलुहान हो गया। शोरगुल सुनकर बीच बचाव में आई पीड़ित की 15 वर्षीय पुत्री सपना एवं मां सुनीता देवी को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।









