सिकंदराराऊ। कस्बा पुरदिलनगर के मोहल्ला गढ़ में पुत्र अपने पिता पर जमीन बेचकर पैसा देने का दबाव बना रहा था। पिता ने पैसा देने से इंकार किया तो आरोपी पुत्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने पिता एवं बहनोई को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली में अपने पुत्र समेत चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोहल्ला गढ़ निवासी बनी सिंह पुत्र राम सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाते हुए कहा है कि 10 नवंबर की शाम 6 बजे करीब उनका पुत्र राहुल जमीन बेचकर पैसा देने का दबाव बना रहा था। घर पर उसकी पुत्री एवं दामाद महावीर सिंह व ग्यासी राम आए हुए थे। उसने पैसा देने इनकार कर दिया। आरोप है कि पुत्र राहुल ने शाम 6 :30 बजे करीब अपने साथी दुष्यंत सिंह,सचिन सिंह पुत्र जितेंद्र सिंह व राधे सिंह पुत्र राजवीर सिंह निवासीगण गांव सिंधौली थाना हसायन को बुला लिया। आरोपी कार में सवार होकर लाठी डंडे एवं फावड़ा लेकर आए। आरोपियों ने घर में घुसकर उसे व उसके दामाद पर लाठी डंडों एवं फावड़ा से हमला कर दिया। जिससे दोनों घायल हो गए। इस दौरान दामाद के हाथ की हड्डी टूट गई। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।









