सासनी क्षेत्र में मारपीट और धमकियों की तीन अलग-अलग घटनाएं दर्ज

कोतवाली क्षेत्र में मारपीट, धमकी और रंजिश के अलग-अलग मामलों ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर पर कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि एक मामले में पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।
मंगलवार को कोतवाली में दर्ज हुई पहली घटना गांव अलीपुर मोहरिया की है, जहां पुरानी रंजिश के चलते हथियारों से लैस होकर पहुंचे कई लोगों ने दो भाइयों पर हमला कर दिया। पीड़ित रामलखन के अनुसार, 10 नवंबर 2026 की सुबह राजकुमार, विष्णु, गणेश, शिवकुमार समेत अन्य आरोपियों ने उसकी परचून व आटा चक्की की दुकान पर मौजूद भाइयों मूलचंद और देवस्वरूप को घेरकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले की जांच अतिरिक्त निरीक्षक राजीव कुमार चित्रांश को सौंपी है।
दूसरी घटना भी इसी क्षेत्र की है, जहां खेत पर जा रही माया देवी पत्नी जयवीर शर्मा के साथ रास्ते में 25 हजार रुपये मांगने को लेकर मारपीट की गई। विरोध करने पर साथ चल रहे मजदूर नारायण के साथ भी अभद्रता की गई। पीड़िता ने 15 नवंबर को कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं तीसरी घटना में मोहल्ला घोसी नानऊ रोड निवासी एक व्यक्ति ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 19 अगस्त की रात उसके बेटे सलामत को अरबाज, आसिफ, टीटू और अमन ने होटल पर ले जाकर बेरहमी से पीटा। इस हमले में सलामत की रीढ़ की हड्डी टूट गई और गंभीर चोटें आईं। थाने में सुनवाई न होने पर पीड़ित परिवार ने कोर्ट की शरण ली है।

sunil sharma
Author: sunil sharma

REPORTER SASNI

Leave a Comment