सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव उमरावपुर में युवक की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में मृतक युवक के चाचा ने तीन नामजद आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।गांव उमरावपुर निवासी गिरीश चंद्र पुत्र तेजपाल सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाते हुए कहा है उनका भतीजा यतेंद्र कुमार पुत्र लोचन सिंह चोला मंडलम इन्वेस्टमेंट फाइनेंस कंपनी लिमिटेड की सीरोराग शाखा अलीगढ़ में रिकवरी एजेंट के पद पर कार्यरत था। कंपनी के अधिकारी यतेंद्र पर लगातार मानसिक दबाव बना रहे थे ।
कंपनी के (एआरएम) कुलदीप सिंह, (एबीएम ) नीलेश सारस्वत और अजय जादौन (बीबीएम) करीब तीन माह से यतेंद्र पर दबाव डाल रहे थे। आरोप है कि पिछले सात-आठ दिनों से उससे टारगेट पूरा करने के लिए रसीद कटवाने को कहा जा रहा था। उसे नौकरी से निकालने की धमकी भी दी जा रही थी। 9 नवंबर की दोपहर 12:54 बजे करीब यतेंद्र के फोन पर संदेश आया और कॉल भी आई। इसके बाद रसीद काटने के लिए दबाव बनाए जाने की बात सामने आई। उस समय यतेंद्र का बेटा निशांत कुमार भी वहां मौजूद था। इसके बाद यतेंद घर से निकलकर गांव से करीब 500 मीटर दूर शीशम के पेड़ के पास पहुंचा, जहां उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है ।











