कोतवाली क्षेत्र में हाल ही में पुलिस को दी गई विभिन्न तहरीरों के अनुसार, अलग-अलग मामलों में लापरवाही और दबंगई के कई गंभीर मामले सामने आए हैं। जिनकी पीड़ितों ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है, पुलिस ने पीडितों की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शुक्रवार को दर्ज पहली घटना में, सासनी क्षेत्र के खोरना गांव निवासी प्रेमचन्द्र के छोटे भाई कालीचरन की आलू गड़ाई के दौरान खेत में लटक रहे नीचे बिजली के तारों की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि बिजली कर्मी और खेत पट्टे पर लेने वाले किसान सुनील की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। वहीं, एक अन्य दुखद हादसे में नगला ताल के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुईं नत्थो देवी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिनका बेटा न्याय की गुहार लगा रहा है। इसके अलावा, क्षेत्र में घरेलू हिंसा और मारपीट की घटनाएं भी थम नहीं रही हैं। लौहररा गांव की रहने वाली कश्मीरी ने अपने पति मनोज, देवर योगेंद्र और सास बीना देवी पर शराब पीकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। एक अन्य मामले में अशोक कुमार के घर में घुसकर दबंगों द्वारा गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की बात सामने आई है। इन तमाम घटनाओं के सामने आने के बाद पीड़ित परिवारों ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, और पुलिस मामलों की जांच में जुटी है।











