सिकंदराराऊ। कस्बा के मोहल्ला ब्राह्मणपुरी पुरानी तहसील रोड स्थित शिशु शिक्षा मंदिर (पेड़ वाले स्कूल) में दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में शुक्रवार को दीप सज्जा एवं रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया ।प्रतियोगिता का शुभारंभ स्कूल के प्रबंधक मुनेश चतुर्वेदी,भाईचारा सेवा समिति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरपाल सिंह यादव तथा समाजसेवी श्रीकृष्ण दीक्षित फौजी ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता के दौरान स्कूल की छात्राओं ने दीप सज्जा तथा रंगोली मेकिंग में बढ़-चढ़कर सहभागिता की और अपनी आकर्षक कलाकृतियों से सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी ने कहा कि दीपावली का पर्व पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाएं। लेकिन,सभी लोग इस बात का विशेष ध्यान रखें कि अति उत्साह में आकर हानिकारक और तेज आवाज वाले पटाखे न चलाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी या दुर्घटना का शिकार होने से बचा जा सके। उन्होंने बच्चों से सुरक्षित व प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने की अपील की।
इस मौके पर प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी, शरद शर्मा,अनिल उपाध्याय, मनीष शर्मा, विवेक धनगर, अनुपम तोमर, गौरी माहौर, संध्या शर्मा, सोनी यादव, सोनी बघेल, रजनी गोला, भूमि सैनी, योगिता सैनी आदि मौजूद रहे।












