हाथरस। मेरा युवा भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार) के तत्वावधान में आज आर.डी. गर्ल्स डिग्री कॉलेज, में विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय वन नेशन, वन इलेक्शन (एक राष्ट्र, एक चुनाव) रहा। कार्यक्रम में जनपद के 100 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विषय पर अपने विचार एवं तर्क प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद राजेश दिवाकर थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं स्वागत संबोधन के साथ हुआ। जिला युवा अधिकारी मेरा युवा भारत मनीष कुमार ने युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी करने तथा समसामयिक राष्ट्रीय विषयों पर अपनी तार्किक एवं सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में निर्णायक मंडल (ज्यूरी) के रूप में डॉ. रण सिंह, डॉ. मृदुल, डॉ. ललितेश, डॉ. राघवेन्द्र एवं अश्विनी चौधरी उपस्थित थे। प्रतिभागी युवाओं ने वन नेशन, वन इलेक्शन विषय पर अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों के विचारों, विषय की समझ, प्रस्तुतीकरण शैली एवं तार्किक क्षमता के आधार पर मूल्यांकन किया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान खुशी, द्वितीय स्थान अंजलि तथा तृतीय स्थान साधना ने प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।कार्यक्रम के अंत में शिवम चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, निर्णायक मंडल, महाविद्यालय प्रशासन एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम का सफल आयोजन मेरा युवा भारत के समस्त राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों के सक्रिय सहयोग एवं समर्पण से संपन्न हुआ।











