खेलते खेलते बालक पहुंचा गहरे गड्ढे के पास:हसायन के गांव गिरधरपुर का मामल:परिजनों ने सड़क ठेकदार पर लापरवाही का लगाया आरोप
सिकंदराराऊ । कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव गिरधरपुर में सड़क निर्माण के दौरान खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में डूबकर सोमवार को एक तीन वर्षीय मासूम बालक की मौत हो गई ।गड्ढे में बालक का शव उतराता देखकर ग्रामीणों में खलबली मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया। परिजनों ने सड़क निर्माण करा रहे ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक बालक के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है

बताया जाता है कि गांव गिरधरपुर निवासी पुष्पेंद्र का तीन वर्षीय पुत्र देवेंद्र सोमवार की दोपहर तीन बजे करीब घर से खेलने के लिए बाहर निकला था। गांव के बाहर सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के दौरान सड़क किनारे बड़े-बड़े गड्ढे खोदे गए थे, जिनमें पानी भरा हुआ था। खेलते-खेलते मासूम देवेंद्र अचानक पानी से भरे एक गड्ढे में जा गिरा। गड्ढे की गहराई और पानी अधिक होने के कारण मासूम बालक डूब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों की नजर गड्ढे में उतराते बालक के शव पर पड़ी तो गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। मामले की सूचना पाकर बालक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पालक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बालक के शव को गड्ढे से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक बालक के परिजनों ने सड़क निर्माण करा रहे ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायत की है। परिजनों का आरोप है कि ठेकेदार ने सड़क निर्माण के दौरान गांव के बाहर बड़े-बड़े गड्ढे खोद दिए थे, जिनमें गांव से निकलने वाला पानी भर जाता था। इन गड्ढों को लेकर ठेकेदार से पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया और न ही गड्ढों को सुरक्षित करने के लिए कोई इंतजाम किए गए। बालक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।











