सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव रतिभानपुर कचौरा मार्ग पर सड़क किनारे खड़े होकर वाहन का इंतज़ार कर रहे दो लोगों को एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार अलीगढ़ में एक प्राइवेट अस्पताल में जारी है। घायल युवक की पत्नी ने अज्ञात बाइक चालक के विरुद्ध कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जशोदा देवी पत्नी राधे निवासी गाँव रुस्तम गढ़ थाना खैर जिला अलीगढ़ ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 1 नवम्बर की दोपहर 3:50 बजे करीब उसके पति राधे अपने साथी मोहन गौतम के साथ रतिभानपुर कचौरा रोड पर खड़े होकर वाहन का इन्तजार कर रहे थे । तभी कचौरा की ओर से तेज गति से आ रही एक बाइक के चालक ने तेजी व लापरवाही से बाइक को चलाते हुए दोनों में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान घटना को अंजाम देकर बाइक चालक बाइक को मौके पर छोड़कर भाग गया। घायल दोनों युवकों का उपचार अलीगढ़ में एक निजी अस्पताल में चल रहा है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस बाइक चालक की तलाश में जुट गई है ।











