हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के मौहल्ला विष्णुपुरी आज सुबह एक बंद मकान के अंदर 60 साल के व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। वह घर में अकेले रहते थे और उनकी शादी नहीं हुई थी। दो दिन से मकान में कोई हलचल नहीं दिखने पर पड़ोसियों को शक हुआ। सूचना पर पहुंची थाना हाथरस गेट पुलिस ने दरवाजा तुड़वाया तो अंदर उनका शव पड़ा मिला।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
बताया जाता है थाना हाथरस गेट क्षेत्र के मोहल्ला विष्णुपुरी में दिनेश पुत्र दीनबंधु अकेले रहते थे। पिछले दो दिन से उनके मकान में कोई गतिविधि नहीं दिखी तो पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने दिनेश के एक रिश्तेदार को फोन कर जानकारी दी और पुलिस को भी सूचना दी।सूचना मिलने पर थाना हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंची। मकान का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने लोगों की मौजूदगी में आज सुबह करीब 8 बजे दरवाजा तुड़वाया। अंदर दिनेश मृत अवस्था में पड़े मिले।। पुलिस ने घर के अंदर जांच-पड़ताल की और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। शुरुआती जांच में बुजुर्ग के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।











