सासनी-नानऊ रोड स्थित नया नगला के पास एक बाइक के सामने अचानक कुत्ता आ जाने से वाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। जिससे बाइक सवार तीन लोग घायल हो गयें घायलों को उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया है।
गुरूवार को मिली जानकारी के अनुसार, जनपद अलीगढ़ के थाना छर्रा क्षेत्र के अंतर्गत गांव सियावली निवासी जाहिद पुत्र बाबू खान अपनी साली रिजवाना पत्नी आस मोहम्मद (25 वर्ष) निवासी पढ़ील को बाइक से उनके घर छोड़ने जा रहे थे। बाइक पर जाहिद की आठ वर्षीय पुत्री ईजा भी बैठी हुई थी। बताते हैं कि जैसे ही वह नानऊ रोड पर नया नगला के समीप पहुंचा, तभी अचानक बाइक के सामने एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में जाहिद का बाइक से नियंत्रण छूट गया और वाहन सड़क पर फिसलकर गिर गया। घटना में रिजवाना, जाहिद और मासूम ईजा घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों की सूचना पर तत्काल 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी पहुंचाया गया। अस्पताल के चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन रिजवाना और ईजा की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।










