कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छिपेटी निवासी एक मजदूर समरसेविल बोरिंग का भारी-भरकम पाइप कंधे पर रखकर ले जाते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
गुरूवार को मिली जानकारी के अनुसार, मुहल्ला छिपैटी निवासी महेश पुत्र सौदान बुधवार शाम करीब छह बजे मजदूरी का कार्य कर रहा था। बताते है कि वह समरसेविल बोरिंग का काम करता है और घटना के वक्त वह बोरिंग करने वाला लंबा लोहे का पाइप अपने कंधे पर लादकर उसे सुरक्षित स्थान पर रखने जा रहा था। तभी रास्ते में अचानक उसका पैर फिसल गया या वजन अधिक होने के कारण उसका संतुलन पूरी तरह से बिगड़ गया। संभलने का मौका तक नहीं मिला और कंधे पर रखा भारी पाइप सीधे उसके पैर पर आ गिरा। पाइप के पैर पर गिरने से महेश चीख पड़ा और मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया। घटना के बाद अन्य मजदूर मौके पर पहुंच गये और राहगीरों की भीड जुट गई। उधर घटना की जानकारी मिलते ही घायल मजदूर के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजन घायल महेश को तुरंत सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। अस्पताल की इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टर अनंत कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल मजदूर का तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया। हालांकि, पैर में गंभीर चोट और हड्डी फ्रेक्चर होने की आशंका को देखते हुए डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया।










