30 टायरों वाला ‘सुपर ट्रक’ बना कौतूहल का केंद्र, सासनी में थमी सड़कों की रफ्तार, पुलिस ने मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला रास्ता

कस्बा सासनी के मुख्य मार्ग पर उस वक्त अफरा-तफरी और लोगों के बीच कौतूहल का माहौल बन गया, जब 30 टायरों वाला एक बेहद विशालकाय सुपर ट्रक वहां से गुजरा। भारी-भरकम सीमेंट निर्माण मशीन को अपने ऊपर लादे हुए इस विशालकाय वाहन के सड़क पर उतरते ही यातायात की रफ्तार पूरी तरह थम गई और देखते ही देखते सड़कों पर लंबा जाम लग गया।
गुरूवार को मिली जानकारी के अनुसार, यह विशाल ट्रक उत्तराखंड के हरिद्वार से रवाना होकर ओडिशा जा रहा था। शाम करीब 4 बजे जैसे ही इस ट्रक ने सासनी क्षेत्र में प्रवेश किया, इसकी विशालकाय बनावट और भारी-भरकम वजन के कारण सामान्य गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित होने लगी। ट्रक के पहिए और उसका आकार देखने के लिए सड़कों के दोनों ओर स्थानीय लोगों और राहगीरों का हुजूम उमड़ पड़ा। सड़क पर बढ़ते दबाव और जाम की स्थिति को देखते हुए स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई, और मोर्चा संभाला। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए काफी जद्दोजहद के बाद इस विशालकाय वाहन को सुरक्षित रूप से क्षेत्र से पार कराया। इसके पश्चात ही सड़कों पर यातायात सुचारू रूप से बहाल हो सका। ट्रक ऑपरेटर अनिल यादव ने बताया कि इस विशेष तीस टायरों वाले भारी वाहन पर सीमेंट बनाने वाली आधुनिक मशीन लोड है। यह मशीनरी हरिद्वार के एक औद्योगिक संयंत्र से ओडिशा के नए प्रोजेक्ट स्थल के लिए ले जाई जा रही है। सुरक्षा कारणों और मशीन के अत्यधिक वजन की वजह से इसे बहुत ही धीमी और नियंत्रित गति से ले जाना पड़ता है, जिसके चलते कई बार तंग रास्तों पर यातायात प्रभावित हो जाता है।
पुलिस के समय रहते किए गए कुशल यातायात प्रबंधन की बदौलत एक बड़ा हादसा या लंबा जाम टल गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।

sunil sharma
Author: sunil sharma

REPORTER SASNI

Leave a Comment