त्योहार की खुशियों के बीच रामनगर के एक परिवार पर उस समय संकट के बादल मंडरा गए, जब बाजार से करवा चैथ का सामान खरीदकर गांव लौट रहा दंपती की मोपेड को एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। गनीमत यह रही कि इस दर्दनाक हादसे में परिवार के तीनों सदस्य बाल-बाल बच गए, हालांकि मोपेड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
गुरूवार को मिली ?जानकारी के अनुसार, रामनगर निवासी जीतेश पुत्र ओंकार अपनी पत्नी पार्वती और चार वर्षीय पुत्री चारु के साथ करवा चैथ का सामान खरीदने के लिए सासनी बाजार आया था। जो त्योहार की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिवार अपनी मोपेड पर सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहा था। बताते हैं जैसे ही उनकी मोपेड सासनी-अलीगढ़ रोड पर पुरानी सब्जी मंडी के निकट पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोपेड ट्रैक्टर के नीचे फंस गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन की चपेट में आने से जीतेश, उनकी पत्नी और मासूम बेटी मौत के मुंह में जाते-जाते बचे। ईश्वर की कृपा और समय रहते नियंत्रण पाने से तीनों की जान बाल-बाल बच गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही सागर चैकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहत कार्य शुरू करते हुए ट्रैक्टर के नीचे फंसी मोपेड को बाहर निकलवाया और जाम खुलवाकर यातायात को सुचारू किया। फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।










