अलीगढ़ रोड स्थित गांव बिलार पर हुआ हादसा
सिकंदराराऊ । एनएच 34 के अलीगढ़ रोड स्थित गांव बिलार के निकट बीती रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने धान से लदे ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर से ट्रैक्टर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरा। हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
बताया जाता है कि थाना हसायन क्षेत्र के गांव सेगला निवासी पांच किसान सोमवार की रात्रि को ट्रैक्टर ट्रॉली में धान की बोरिया लादकर अलीगढ़ धनीपुर मंडी जा रहे थे। रात्रि 11:30 बजे करीब जैसे ही ट्रैक्टर ट्रॉली गांव बिलार के पहुंची । तभी पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी ।

टक्कर से ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर खेत में पहुंच गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक रिंकू, विजय और सूरजपाल घायल हो गए। ट्रैक्टर पर पांच किसान सवार थे। दो किसानों को कोई चोट नहीं आई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई । मामले की सूचना पुलिस को दी गई । सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल किसानों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पुलिस ने हाइड्रा की मदद से ट्रैक्टर ट्रॉली को खेत से बाहर निकलवाया । पुलिस ने ट्रक समेत दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया और कोतवाली पहुंचा दिया।











