डंपर के पहियों के बीच फंसी महिला को 150 मीटर दूर तक घसीटता हुआ लेकर गया चालक: जनपद कासगंज के नगरिया पर हुआ हादसा
सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव मूढ़ा नौजरपुर से गंगा स्नान के लिए जा रहे बाइक सवार दंपती को जनपद कासगंज के गांव नगरिया के पास मिट्टी से भरे एक तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी । टक्कर इतनी भयानक थी कि महिला डंपर के पहियों के बीच फंस गई और चालक उसे करीब 150 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि गांव मूढा नौजरपुर निवासी जवाहर सिंह उर्फ पप्पू सिंह अपनी पत्नी जावित्री देवी के साथ सोमवार की सुबह करीब 5 बजे करीब बाइक पर सवार होकर गंगा स्नान के लिए कछला घाट के लिए निकले थे। गांव के अन्य लोग भी गंगा स्नान के लिए जा रहे थे, लेकिन जवाहर सिंह अपनी बाइक से उनसे थोड़ा आगे निकल गए।जैसे ही बाइक सवार दंपती जनपद कासगंज के गांव नगरिया के निकट पहुंची । तभी तेज गति से आ रहे एक मिट्टी से भरे डंपर ने दंपती को रौंद दिया। टक्कर लगते ही बाइक सड़क पर गिर गई और जावित्री देवी डंपर के नीचे आ गईं। हादसे के बाद भी चालक ने डंपर नहीं रोका और मृतका को 150 मीटर तक घसीटता चला गया । जिससे उनका शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। दुर्घटना में जवाहर सिंह भी गम्भीर रूप से घायल हो गए और उनकी बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद चालक हादसे वाली जगह से करीब 500 मीटर दूर डंपर छोड़कर फरार हो गया ।होश में आने पर जवाहर सिंह ने घटना की जानकारी कछला घाट पहुंचे ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण बिना गंगा स्नान किए तत्काल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने घटना की सूचना नगरिया चौकी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों को सौंप दिया। शाम को पोस्टमार्टम के बाद जब महिला का शव उनके पैतृक गांव मूढा नौजरपुर पहुंचा। जिससे परिजनों में चीत्कार मच गया और गांव में मातम पसर गया। परिजनों ने गमगीन माहौल में मृतका के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। महिला की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।











