रंजिश में युवक को पीटकर किया घायल
सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला पीपली में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को पीटकर घायल कर दिया । पीड़ित ने कोतवाली में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव नगला पीपली निवासी रिंकू पुत्र होरीलाल ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह 23 अक्टूबर की रात्रि 9 बजे करीब गांव में हो रही दावत में शामिल होने को गया था। वहां पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही प्रताप, वीरपाल पुत्रगण महाराज सिंह, हाकिम पुत्र गेदालाल व बंटी पुत्र प्रताप गाली गलौज करने लगे। जब उसने गाली गलौज का विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गई। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।











