नामजदों ने पिता पुत्री को पीटकर किया घायल
सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव सराय में नामजदों ने पिता पुत्री को पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव सराय निवासी हरिपाल सिंह पुत्र हरीशंकर ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह 24 अक्टूबर को अपने घर के सामने सब्जी बेचने वाले से सब्जी खरीद रहे थे। तभी गांव के ही केदारीलाल पुत्र भूरे सिंह, राजेश पुत्र मदनलाल, तालेवर पुत्र श्रीराम सिंह व पच्चू पुत्र कालीचरन एक साथ आए और बेवजह सब्जी बेचने वाले से गाली गलौज व मारपीट करने लगे । जब उसने बीच बचाव किया तो आरोपियों ने गाली गलौज कर उसके साथ भी मारपीट कर दी । जिससे वह घायल हो गया । शोरगुल सुनकर बीच बचाव में आई उसकी पुत्री कु० मीरा को भी नामजदों ने पीटकर घायल कर दिया। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।











