लापता 10 वर्षीय बालिका को चार घंटे में बरामद कर मां के सुपुर्द किया

गांव अरनोट पर ऑटो से पानी पीने को उतरी थी बालिका की मां:एटा में सकुशल मिली बालिका

सिकंदराराऊ। अलीगढ़ रोड स्थित गांव अरनोट के निकट बुधवार की दोपहर ऑटो में सवार एक 10 वर्षीय बालिका अचानक लापता हो गई । बालिका की मां ने उसे काफी तलाश किया। किंतु उसका कोई सुराग नहीं लगा। मामले की सूचना पुलिस को दी गई । सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई तथा चारों तरफ बालिका की तलाश करने लगी। 4 घंटे बाद बालिका के एटा से मिलने का फोन आ गया। बाद में पुलिस ने बालिका को एटा से बुलाकर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया ।

बतादें कि रेशम देवी निवासी हरदोई बुधवार की दोपहर 12 बजे करीब अपनी 10 वर्षीय बालिका के साथ ऑटो में बैठकर के एटा जा रही थी। गांव अरनोट पर रेशम देवी पानी पीने को ऑटो से उतर गई। जब वह पानी पीकर वापस लौटी तो ऑटो चालक ऑटो को आगे ले गया। ऑटो एवं बालिका को न पाकर महिला के पैरों तले जमीन खिसक गई। महिला ने ऑटो एवं बालिका को काफी तलाश किया। किंतु उसका कोई सुराग नहीं लगा। उन्होंने तत्काल कोतवाली पुलिस से संपर्क किया । सूचना मिलते ही


पुलिस ने चारों तरफ बच्ची की तलाश प्रारंभ कर दी। वायरलेस से आसपास के इलाकों के थानों से बालिका के गायब होने की सूचना दी। करीब 4 घंटे बाद एटा कोतवाली देहात से स्थानीय कोतवाली पर टेलीफोन आ गया कि बालिका का पता लग गया है तथा वह एटा कोतवाली में बैठी हुई है । पुलिस ने एटा से बच्ची को मंगाकर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया । बालिका को सकुशल पाकर मां का चेहरा खुशी से खिल उठा और उन्होंने पुलिस की भूरि भूरि प्रशंसा की।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment