हाथरस। शिक्षक दिवस के अवसर पर बाबा गंभीर नाथ प्रेक्षा गृह गोरखपुर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पुरस्कृत शिक्षकों का सम्मान समारोह कार्यक्रम का सजीव प्रसारण तथा जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि की अध्यक्षता एवं जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी प्रेम सिंह कुशवाहा, जिलाध्यक्ष आरएलडी श्याम सिंह, जिलाध्यक्ष अपना दल रवि सारस्वत, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरानजीव नाथ सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित की उपस्थिति में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का का शुभारंभ सांसद, जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी ने सयुक्त रूप से डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छविचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इसी क्रम में सांसद, जिलाध्यक्ष सहित अधिकारियों का स्वागत बुके भेंटकर तथा सम्मान स्मृति चिन्ह भेंटकर किया गया।

शिक्षक दिवस के अवसर पर सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी, जिलाध्यक्ष राष्ट्रीय लोकदल एवं जिलाध्यक्ष अपना दल ने शिक्षकों की महिमा को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि वे चरित्र और राष्ट्र का निर्माण करते हैं। प्रदेश सरकार द्वारा केवल शिक्षकों को ही नहीं, बल्कि रसोइयों, शिक्षा मित्रों, अनुदेशकों सहित शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न वर्गों को भी सम्मानित करने का कार्य किया जा रहा है। इससे पहले शिक्षा क्षेत्र से जुड़े इन महत्वपूर्ण वर्गों के सम्मान के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाते थे। यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सोच और पहल का परिणाम है कि शिक्षकों के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले अन्य कार्मिकों को भी सम्मान प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत के द्वितीय राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती को देशभर में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक का प्रभाव अनेक पीढ़ियों पर पड़ता है। इसलिए राष्ट्र की मजबूत नींव तैयार करने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
शिक्षक दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने गुरु-शिष्य के संबंध एवं परस्पर सम्मान की भावना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन परंपरा में गुरु का विशेष स्थान है। डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में शिक्षक दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि बच्चे विद्यालय में कच्ची मिट्टी के समान आते हैं, जिन्हें शिक्षक अपने ज्ञान, संस्कार एवं मार्गदर्शन से तराशकर बेहतर नागरिक बनाते हैं।
शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि राष्ट्र का निर्माण केवल बड़ी उपलब्धियों से नहीं, बल्कि प्रत्येक कक्षा, ब्लैकबोर्ड और विद्यार्थी की कॉपी में लिखे गए ‘वेरी गुड’ जैसे छोटे-छोटे प्रोत्साहनों से होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सबसे बड़ी पूंजी उनके विद्यार्थियों की उपलब्धियां होती हैं। शिक्षक का दायित्व केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति की क्षमता और आगे बढ़ने का जज्बा पैदा करना भी है। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों से विद्यार्थियों के प्रति सकारात्मक एवं संतुलित दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक द्वारा शुरू की गई ‘पंक स्नेहल’ लेटर राइटिंग प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से बच्चों को अपने मन के भावों एवं विचारों को शब्दों के माध्यम से व्यक्त करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि इस पहल को सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी समय निकालकर ऐसे कार्यक्रमों में शामिल होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
विकास खण्ड/नगर क्षेत्र के यथा मुरसान, सासनी, हाथरस, शहर, हसायन, सादाबाद, सहपऊ एवं सिकन्द्राराऊ विकास क्षेत्रों के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापक/प्रधानाध्यापक सहित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की पूर्णकालिक एवं अंशकालिक शिक्षक/शिक्षिकाओ यथा नीरज कुमार, खुशबू सिंह, यशोधरा सिंह, नीशु दीक्षित, पुष्पेन्द्र कुमार, सुधीर कुमार वर्मा, ऋतु वशिष्ठ, पूनम वाजपेयी, अरुण शर्मा, डॉली, सम्भुदयाल, प्रेमलता, प्रमेश कुमार शर्मा, वंदना अग्रवाल, आलोक कुमार, प्रभात कुमार, आकांक्षा सेंगर, मनीषा सिंह, रेनू शर्मा, मीरा यादव, नितेश, तूलिका सक्सेना एवं बबिता चौधरी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इसी क्रम में संविलियन विद्यालय कोटा की कक्षा 8 की छात्रा कुमारी पायल तथा संविलियन विद्यालय नगर क्षेत्र हतीसा के कक्षा 8 के छात्र विवेक कुमार आदि विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं के बारे में विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षक उन्हें केवल पाठ्यक्रम की शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि अनुशासन, संस्कार, मेहनत और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। इस मौके पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को स्टेशनरी किट प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस मौके पर प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला मीडिया प्रभारी भारतीय जनता पार्टी सुनील वर्मा, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं, प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया से मीडिया बंधु आदि उपस्थित थे।












