सादाबाद। कोतवाली क्षेत्र के हाथरस रोड पर तहसील परिसर स्थित एक कैंटीन में आज विद्युत शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। आग से कैंटीन में रखा करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का सामान जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि आग लगने के दौरान कैंटीन बंद थी, जिससे कोई अनहोनी नहीं हुई।
बताया जाता है तहसील परिसर स्थित कैंटीन से धुआं और आग की लपटें उठती देख तहसील परिसर में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उक्त कैंटीन ग्राम गदाई मुरसान निवासी गुड़िया पत्नी आईडीएचयू खान द्वारा शहजादी बाबा स्वयं सहायता समूह के माध्यम से संचालित की जाती है। कैंटीन में चाय, कोल्ड ड्रिंक, खाने-पीने की सामग्री और दैनिक उपयोग का सामान बेचा जाता है।
बताया जाता है कैंटीन में लगी आग की चपेट में आने से कैंटीन में रखा एक बड़ा फ्रिज, डीप फ्रीजर, कोल्ड ड्रिंक, विभिन्न खाद्य सामग्री, बिस्कुट और पान मसाला सहित अन्य सामान पूरी तरह जल गया। कैंटीन संचालिका गुड़िया ने बताया कि उन्हें लगभग डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।दमकल विभाग की तत्परता के कारण आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आग कैंटीन से बाहर नहीं फैल सकी और आसपास की दुकानों तथा तहसील परिसर में किसी बड़े हादसे को टाल दिया गया।









