हाईटेंशन के करंट से निर्माण कार्य में लगे मजदूर की मौत

हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे के निर्माण कार्य के दौरान आज एक दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर के निकट निर्माण कार्य के दौरान विद्युत हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से भारी हड़कंप मच गया।। बताया जाता है राजस्थान के धौलपुर जनपद निवासी करीब 35 वर्षीय हरिओम पुत्र गजाधर हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और साथी मजदूर उसे तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने हरिओम को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां भी डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि की। घटना की सूचना मिलने पर थाना हाथरस जंक्शन पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है निर्माण कार्य के दौरान हरिओम के हाथ में मौजूद पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया, जिससे उसे तेज करंट लगा और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि होगी। मामले की जांच जारी है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment