हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव धौरा कुआं गा निवासी 52 वर्षीय होमगार्ड हरि सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से परिवार में मातम छा गया है। घटना को लेकर परियोजना में भारी कोहराम मच गया है।
बताया जाता है होमगार्ड हरि सिंह रातभर ड्यूटी करने के बाद सुबह घर लौटे और आराम करने के लिए अपने कमरे में चले गए। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आए तो परिजनों ने उन्हें आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर थाना हाथरस जंक्शन पुलिस अस्पताल पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।
परिजनों का कहना है कि होमगार्ड हरि सिंह को किसी प्रकार की बाहरी चोट नहीं थी और उन्हें हार्ट अटैक आने की आशंका है। हरि सिंह अपने परिवार के मुख्य सहारा थे। उनके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं गांव में भी शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिजनों को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।









