सहपऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुर में आज सुबह करीब 11 बजे एक 17 वर्षीय किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में किशोरी के मामा ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
बताते हैं गांव रामपुर में मृतका की पहचान काजल के रूप में हुई है। वह हाईस्कूल तक पढ़ी थी। उसके पिता विनीत सब्जी बेचने का काम करते हैं। परिजनों के अनुसार वर्ष 2020 में विनीत की पहली पत्नी का निधन हो गया था, जिसके बाद उन्होंने दूसरी शादी कर ली। पहली पत्नी से उनकी तीन संतान हैं, जिनमें काजल सबसे बड़ी थी।काजल के मामा रामवीर सिंह, निवासी नगला गुमानी ( फिरोजाबाद) ने आरोप लगाया कि उनकी भांजी को उसकी सौतेली मां के साथ-साथ पिता भी कथित रूप से प्रताड़ित करते थे। उन्होंने आशंका जताई है कि काजल की हत्या की गई है। घटना की जानकारी मिलने पर वह रामपुर पहुंचे और बाद में पोस्टमार्टम गृह भी पहुंच गये।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।









