हाथरस-5 अगस्त। शहर के कामरेड़ भगवानदास मार्ग मुरसान गेट स्थित विजयनगर चौराहे पर बिजली विभाग की लापरवाही के कारण एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बचा। क्षेत्र में काफी समय से बिजली का एक खंभा क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ा हुआ है, लेकिन बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद बिजली विभाग इसे बदलने या मरम्मत करने की कोई ठोस कार्यवाही नहीं कर रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षतिग्रस्त खंभे के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और कई बार वाहन चालक एवं राहगीर हादसे का शिकार होते-होते बचे हैं। लोगों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि विभाग की उदासीनता किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है।क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग से मांग की है कि जनहित को देखते हुए क्षतिग्रस्त बिजली के खंभे को तत्काल बदला जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। लोगों का यह भी कहना है कि इस समय बरसात का मौसम चल रहा है और विद्युत पोल में अगर करंट उतर आया तो कोई गंभीर हादसा घटित हो सकता है।












