हाथरस। भारतीय संस्कृति एवं सनातनी परंपरा में गुरु एवं शिष्य का पवित्र बंधन बहुत ही श्रेष्ठ है और सभी के जीवन में गुरु का स्थान व महत्व बहुत ही आवश्यक है तथा गुरु व शिष्य के पवित्र बंधन के पर्व गुरु पूर्णिमा का पर्व कल 29 जुलाई को भारी हर्षोल्लास, धूमधाम एवं श्रद्धा, विश्वास और आस्था के साथ गुरु आश्रमों व आवासों पर मनाया जाएगा तथा भक्तों द्वारा भी अपने गुरुओं के पूजन के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।
इसी क्रम में गुरु पूर्णिमा के पर्व पर ब्रज के प्रख्यात भागवताचार्य एवं धर्माचार्य आचार्य श्री बल्लभजी महाराज वृंदावन धाम के शिष्यों द्वारा भी गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर्व भारी आस्था, श्रद्धा एवं विश्वास के साथ धूमधाम से मनाया जा रहा है और विभिन्न अनुष्ठान भी आयोजित किए जा रहे हैं। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के तहत दिव्य आध्यात्मिक गुरु तत्व बोधोत्सव आज शाम 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक शहर के चावड़ स्थित नई धर्मशाला पर आयोजित होगा। जिसमें प्रख्यात भागवत आचार्य एवं धर्माचार्य आचार्य श्री बल्लभजी महाराज एवं युवा भागवताचार्य गोविंद बल्लभ जी महाराज द्वारा भक्तों को आध्यात्मिकता के साथ ज्ञान एवं जीवन को सफल बनाने के बारे में बताया जाएगा।
गुरु पूर्णिमा महोत्सव के तहत कल 29 जुलाई को प्रातः 8 बजे से शिष्यों द्वारा अपने गुरु भागवत आचार्य आचार्य बल्लभजी महाराज का गुरु पूजन कर गुरु दीक्षा ली जाएगी और अपने-अपने गुरुओं से भक्त आशीर्वाद भी प्राप्त करेंगे। इस मौके पर ब्रज के भक्तों द्वारा विशाल एवं भव्य भजन प्रस्तुति भी दी जाएगी जो कि शाम 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक होगी तथा उक्त सभी उत्सव व आयोजन शहर के चावड़ गेट नई धर्मशाला पर आयोजित होंगे।
आयोजक श्रीबल्लभ चैरिटेबल ट्रस्ट वृंदावन एवं दिल्ली द्वारा समस्त भक्तों से कल गुरु पूर्णिमा महोत्सव में पधार कर दिव्य सत्संग एवं गुरु पूजन में भाग लेने व पुण्य लाभ प्राप्त करने का अनुरोध किया गया है।
यहां यह भी उल्लेखनीय है कि आचार्य बल्लभजी महाराज के देश ही नहीं विदेशों में भी शिष्य हैं और जो शिष्य देश में हैं वह उनसे यहां आकर एवं जो विदेश में है वह उनसे ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से गुरु पूजन कर गुरु आशीर्वाद भी लेंगे।









