झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने चलाया विशेष अभियान, मचा हड़कंप

सिकंदराराऊ। झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के चलते झोलाछाप चिकित्सकों में हड़कंप मच गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉ. आर. के. वर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र के भट्टीकरा और कचौरा में छापेमारी की। जांच के दौरान बिना वैध पंजीकरण के संचालित क्लीनिकों और चिकित्सा गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। अभियान में कई संदिग्ध झोलाछाप चिकित्सकों को चिन्हित करते हुए उन्हें नोटिस जारी किए गए और आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति और नियमों के विपरीत चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सीएचसी प्रभारी डॉ. आर. के. वर्मा ने बताया कि यह अभियान जिलाधिकारी के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है और जिले में अवैध रूप से चिकित्सा कार्य करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है।उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे इलाज के लिए केवल पंजीकृत और अधिकृत चिकित्सकों से ही संपर्क करें तथा किसी भी झोलाछाप चिकित्सक की सूचना तत्काल स्वास्थ्य विभाग को दें।स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि गर्भवती महिलाओं और प्रसूताओं को सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं आमजन तक पहुंच सकें।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment