हाथरस। मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित द्वारा आज उर्वरक गोदामों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने उर्वरक स्टॉक, वितरण व्यवस्था और किसानों को हो रही समस्याओं का जायजा लिया। निरीक्षण के समय जिला कृषि अधिकारी निखिलदेव तिवारी और सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता राकेश शंकर श्रीवास्तव भी मौजूद थे।

सीडीओ पीएन दीक्षित द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के तहत पीसीएफ बफर गोदाम रूहेरी के निरीक्षण के दौरान भंडार नायक जयप्रकाश और पीसीएफ ठेकेदार अजीज खां उपस्थित मिले। यहां 22.50 मीट्रिक टन यूरिया बीपेक्स बांधनू के लिए ट्रक में लोड किया जा रहा था। सीडीओ ने भंडार नायक से डिस्पैच ऑर्डर और केंद्रवार उर्वरक आवंटन पत्र प्रस्तुत करने को कहा। भंडार नायक डिस्पैच ऑर्डर तो दिखा सके, लेकिन केंद्रवार आवंटन पत्र उपलब्ध नहीं करा पाए।सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को निर्देश दिए कि भविष्य में डिस्पैच ऑर्डर और केंद्रवार उर्वरक आवंटन पत्र गोदाम पर हमेशा उपलब्ध रहें और उसी के अनुसार उर्वरकों को भेजा जाये। गोदाम की स्टॉक पंजिका के अनुसार, वहां 2560.590 मीट्रिक टन यूरिया भंडारित पाया गया।
पीसीएफ ठेकेदार को समय पर समितियों को उर्वरक भेजने और लोडिंग के दौरान हुक का प्रयोग न करने के निर्देश भी दिए गए। मैसर्स बीपेक्स रूहेरी के निरीक्षण में समिति में यूरिया के 420 बैग और डीएपी के 475 बैग भंडारित पाए गए, जिनका पॉस मशीन में प्रदर्शित स्टॉक से मिलान किया गया।। निरीक्षण के दौरान किसानों ने शिकायत की कि पॉस मशीन का सर्वर डाउन होने के कारण उन्हें उर्वरक प्राप्त करने में अधिक समय लगता है। जिला कृषि अधिकारी को संयुक्त कृषि निदेशक (उर्वरक) से पत्राचार करने के निर्देश दिए गए, ताकि सर्वर संबंधी समस्या का समाधान हो सके।चंद्रमोहन अग्रवाल खाद डीलर की फर्म पर यूरिया के 562 बैग भंडारित पाए गए, जिनका पॉस मशीन में प्रदर्शित स्टॉक से मिलान किया गया। निरीक्षण के समय फर्म के स्टॉक दर बोर्ड पर उर्वरकों का विवरण अंकित नहीं था, जिसे मौके पर ही पॉस मशीन में उपलब्ध उर्वरकों के अनुसार अपडेट कराया गया।









