ठग साधु ने महिला के कान का कुंडल किया पार पीड़िता ने साधु को पकड़ा, जमकर की धुनाई

धुनाई बाद ठग साधु ने महिला को दिए 17000 रुपए

सिकंदराराऊ। कासगंज रोड स्थित गांव खिदरपुर निवासी एक महिला से एक साधु जादू टोना कर उसके कान का कुंडल उतार कर ले गया। साधु को महिला ने लौटते समय गांव नगला जलाल पर पकड़ लिया । महिला ने साधु की जमकर धुनाई कर दी । जिसके बाद साधु ने कुंडल की कीमत के रूप में 17 हजार रूपए महिला को दिए।
बताया जाता है कि गांव खिदरपुर में गुरुवार की सुबह एक साधु गांव पहुंचा और वहां मौजूद एक महिला को उसके व परिवार के बारे में तरह तरह की बातें बताकर संतुष्ट कर दिया। साधु की बातों से महिला प्रभावित हो गई । इस दौरान साधु ने एक धागा लेकर दो-तीन बार महिला के कान पर लगाकर उसकी नापतोल की। इसी दौरान ठग साधु ने महिला के एक कान का सोने का कुंडल उतार लिया और उसको लेकर चला गया। इसके बाद महिला सिकंदराराऊ दवा लेने आई और वह दवा लेने के बाद अपने गांव जाने के लिए एक टेंपो में बैठ गई। अचानक महिला का हाथ कान पर पहुंचा तो कान में पड़ा हुआ एक कुंडल गायब देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। जैसे ही टेपों गांव नगला जलाल के निकट पहुंचा। तभी सामने से साइकिल पर आता हुआ ठग साधु महिला को दिखाई दिया। महिला ने तुरंत शोर मचाकर टेंपो में सवार सवारियों के सहयोग से साधु को पकड़ लिया। जिसकी लोगों ने जमकर धुनाई की और उसके बाद साधु ने कुंडल के रूप में महिला को 17 हजार रुपए दिए। वहीं कुछ सवारी उक्त ठग साधु को पुलिस को सौंपने की बात कह रही थी ,लेकिन पीड़ित महिला के कहने पर साधु को छोड़ दिया गया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment