कट बंद करने का व्यापारियों व दुकानदारों ने किया विरोध व्यापारियों से अभद्र व्यवहार पर बसपा नेता डॉ. अविन शर्मा ने की शिकायत

सादाबाद-17 जनवरी। कस्बा में आगरा अलीगढ़ हाईवे पर डिवाइडर कट बंद किए जाने का व्यापारियों ने विरोध किया है। माधव कॉम्प्लेक्स के सामने मुख्य कट बंद होने से व्यापार प्रभावित होने की आशंका जताते हुए व्यापारियों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मनीष चौधरी से मुलाकात की। वहीं वरिष्ठ बसपा नेता डॉ. अविन शर्मा द्वारा भी अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान व्यापारियों व छोटे दुकानदारों से अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए अधिकारियों से शिकायत की गई है।।
उक्त कार्यवाही प्रशासन के निर्देश पर की जा रही है। निर्देशों के बाद प्राधिकरण ने कट बंद करने का काम शुरू कर दिया है।इसी क्रम में सादाबाद इंटर कॉलेज के पास माधव कॉम्प्लेक्स के सामने स्थित एक प्रमुख कट को भी बंद किया जा रहा है। इस जानकारी से क्षेत्र के व्यापारी चिंतित हो गए हैं। उनका कहना है कि यह कट उनके ग्राहकों और माल ढोने वाले वाहनों के लिए बाजार में प्रवेश का मुख्य मार्ग है। व्यापारियों ने बताया कि यह कट बाजार का मुख्य रास्ता है, जिससे ट्रक, पिकअप और अन्य वाहन दुकानों तक माल पहुंचाते हैं।।
व्यापारियों व दुकानदारों का कहना है कि कट बंद होने से ग्राहकों को लंबा चक्कर लगाकर आना पड़ेगा और सामान लाने-ले जाने में भी भारी दिक्कत होगी, जिससे उनके व्यापार पर सीधा नकारात्मक असर पड़ेगा। कट बंद किए जाने की सूचना मिलते ही सभी व्यापारी एकजुट हुए और एसडीएम मनीष चौधरी से मिले।।

उन्होंने एसडीएम से आग्रह किया कि इस कट को खुला रखा जाए, ताकि बाजार का संचालन सुचारु रूप से चलता रहे और व्यापार प्रभावित न हो। एसडीएम मनीष चौधरी ने व्यापारियों की बात ध्यान से सुनी और उन्हें आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वह पहले पूरे मामले की जांच करेंगे और उसके बाद जिलाधिकारी से बातचीत कर ही कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा।एसडीएम ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ आमजन और व्यापारियों की सुविधाओं का भी ध्यान रखना है। जांच के बाद जो भी उचित होगा, वही कदम उठाया जाएगा।। विधानसभा क्षेत्र के कस्बा में नगर पंचायत द्वारा चलाये जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान में वरिष्ठ बसपा नेता डॉ. अविन शर्मा द्वारा दुकानदारों व व्यापारियों से हुई बदसलूकी के सम्बंध में उपजिलाधिकारी को अधिशासी
अधिकारी के खिलाफ ज्ञापन सौंपा है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment