
सिकन्द्राराऊ-17 जनवरी। कस्बा के नयागंज बाजार स्थित पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अहाते में शुक्रवार को कूड़े के ढेर पर पड़ी मिली कोडिंन सल्फेट की खाली बोतलों को लेकर आज दूसरे दिन औषधि निरीक्षक ने कस्बा के अनेक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर उनका निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कमियों को लेकर के दवा विक्रेताओं को उस समय तक दुकान बंद करने के निर्देश दिए ,जब तक कि वे कमियों को पूरी कर उनका निरीक्षण न करा दें। विभाग की कार्यवाही से चारों तरफ हड़कंप मचा हुआ है।।
हंगामें की शुरुआत शुक्रवार को उस समय हुई जब पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अहाते में कूड़े के ढेर पर प्रतिबंध खांसी की दवा कोडिंन सल्फेट की 34 खाली शीशियां मिली। कोडिंन सल्फेट सिरप को लेकर के मध्य प्रदेश में अच्छा खासा बवाल हुआ था और मौतें हुई थीं। प्रदेश में भी इसकी बिक्री को लेकर के विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ था। खाली बोतलों के मामले को लेकर के औषधि विभाग तथा प्रशासन हरकत में आ गया तथा शुक्रवार को कस्बा की कई दुकानों पर छापा मारकर के उनका निरीक्षण किया। शुक्रवार को ही चार मेडिकल स्टोरो के लेखा जोखा न मिलने पर उनको बंद करने की कार्यवाही की गई।। आज दोपहर से ही औषधि निरीक्षक राजकुमार शर्मा अपनी टीम के साथ कस्बा में आ गए तथा राठी चौराहे पर दो मेडिकल स्टोरो का निरीक्षण किया। यहां पर दवा की बिक्री तथा खरीद का विवरण उपलब्ध न होने के कारण विवरण उपलब्ध होने तक दुकानों को न खोलने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त हाथरस रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर पर भी लेखा-जोखा सही नहीं पाया गया। जीटी रोड पर भी एक मेडिकल स्टोर पर लेखा-जोखा सही नहीं पाया गया। उनको भी लेखा-जोखा दिखाने तक मेडिकल स्टोर को बंद करने के निर्देश दिए गए। औषधि विभाग की इस कार्यवाही से दवा विक्रेताओं में हड़कंप मच गया।।
मामले को लेकर औषधि निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।









