
सिकंदराराऊ। ईदगाह रोड स्थित शिव कॉलोनी में गुरुवार को विषाक्त पदार्थ के सेवन से विवाहिता की मौत के प्रकरण में मृतका के पिता ने पति समेत 7 ससुरालीजनों के खिलाफ कोतवाली में दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बृजेश चंद्र यादव निवासी शिकोहाबाद जिला फिरोजाबाद ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उन्होंने अपनी पुत्री प्रतिमा की शादी 2022 में 90 लाख रुपए का दान दहेज खर्च कर क्षेत्र के गांव अमौसी निवासी नीरज पुत्र जयवीर सिंह के साथ की थी । शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज में एक इनोवा कार तथा काफी रुपया नगद मांग रहे थे । रुपया न देने के कारण उसका मानसिक शारीरिक उत्पीड़न किया जा रहा था। 2023 में प्रतिमा के साथ ससुरालीजनों ने दहेज को लेकर के मारपीट कर उसको घायल कर दिया था । जिसकी रिपोर्ट शिकोहाबाद में दर्ज कराई गई थी।इसके अतिरिक्त भरण पोषण भत्ते का भी मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। ससुरालीजनों पति नीरज , विद्या देवी सास, जयवीर ससुर, पंकज कुमार जेठ, मधुबाला जेठानी, मीता नंद, मनमोहन नंदोई इन सब ने 25 जून को मेरी पुत्री प्रतिमा को जहरीला पदार्थ खिला दिया । उसे गंभीर अवस्था में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया । जहां की उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई । इस संबंध में कोतवाल ने बताया कि सभी नामजदों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।











