गांव ततारपुर मुहरिया का युवक घर से काम पर निकला और संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों की काफी तलाश के बावजूद जब उसका सुराग नहीं लगा, तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।
शनिवार को कोतवाली में दर्ज कराई गुमशुदगी में गांव ततारपुर मुहरिया निवासी डाबर सिंह ने कहा है कि उसका लगभग तीस वर्षीय पुत्र लखन कुशवाहा दिनांक छब्बीस नवंबर को सुबह घर से टीवीएस शोरूम में काम करने के लिए निकला था। शाम को काम समाप्त होने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने पहले शोरूम, रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद दिनांक सत्ताईस नवंबर की शाम परिजनों ने सासनी कोतवाली पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। कोतवाली प्रभारी ललित शर्मा ने बताया कि युवक की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीमें युवक की तलाश में जुटी हैं तथा मामले की जांच की जा रही है।
टीवीएस शोरूम के लिए निकला युवक संदिग्ध हालात में लापता, गुमशुदगी दर्ज










