श्रद्धापूर्वक मनाया गया आंवला नवमी का पर्व:आंवला वृक्ष की परिक्रमा कर मांगी मनौती

सिकंदराराऊ । अक्षय नवमी का पर्व बुधवार को आस्था के साथ मनाया गया। सुबह से महिलाओं ने कई जगह आंवले के पेड़ का पूजा अर्चना कर धन ,वैभव और पुत्र प्राप्ति की कामना की । आंवले के वृक्ष की परिक्रमा भी लगाई गई । गरीब और असहाय लोगों को दान दिया गया । वहीं आंवला वृक्ष के नीचे बैठकर श्रद्धालुओ ने प्रसाद का सेवन किया।


कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की नवमी को यह पर्व मनाया जाता है। बुधवार को आंवला नवमी मनाई गई। शास्त्रों में भी आंवला के वृक्ष का विशेष महत्व बताया गया है। इस वृक्ष में भगवान विष्णु का निवास होता है। सुबह से ही पूजा करने लिए महिला श्रद्धालु मंदिर व बगीचों में लगे आंवला के वृक्ष की पूजा करने पहुंचने लगी थीं। आंवले की पूजा करने से आरोग्य, पुत्र रत्न व सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। श्रद्धालु महिलाओं ने आंवले के वृक्ष का पूजन करने के साथ ही वृक्ष की परिक्रमा भी की। शास्त्रों में बताया गया है कि इस दिन आंवला की पूजा करने से सारे दोषों से मुक्त हो जाते हैं और परिवार में खुशहाली बनी रहती है। परिक्रमा करने के बाद श्रद्धालुओं ने वृक्षों के पास बैठकर घर से बनाकर ले जाए गए प्रसाद का सेवन बच्चों सहित किया। दान-पुण्य के साथ गंगा स्नान के लिए गए श्रद्धालु रवाना हुए । गंगा घाटों पर पहुंचकर श्रद्धालुओ ने गरीब असहायो को दान कर पुण्य लाभ कमाया। अक्षय नवमी पर गंगास्नान का बहुत महत्व है ।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment