राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026/27 के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय छौंक, सासनी, के बाल वैज्ञानिकों वंश कुमार एवं हर्षित कुमार ने घरेलू जैविक कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन एवं कम्पोस्ट निर्माण पर शोध परियोजना प्रस्तुत की। परियोजना का मार्गदर्शन डॉ. पुष्पेंद्र सिंह एवं नेहा ओझा ने किया।
सोमवार को बाल वैज्ञानिकों ने लगभग तीन हजार आबादी एवं 500 परिवारों वाले ग्राम छौंक में कचरा प्रबंधन की स्थिति का अध्ययन किया। सर्वेक्षण में पाया गया कि प्रत्येक परिवार से प्रतिदिन लगभग एक दो किलोग्राम गीला एवं सूखा कचरा निकलता है। इसके उचित निस्तारण के अभाव में गंदगी, दुर्गंध, मच्छरों के पनपने तथा पर्यावरण प्रदूषण जैसी समस्याएँ उत्पन्न होती हैं। अध्ययन के लिए तीस परिवारों को तीन समूहों में बाँटा गया। पहले समूह के दस परिवार गोबर के साथ घूरे पर कचरा डालकर लगभग साठ से नब्बे दिनों में खाद बनाते हैं। दूसरे समूह के दस परिवारों का कचरा सामुदायिक संग्रह केंद्र पहुँचता है, जहाँ तीन चेंबरों की व्यवस्था से लगभग पैंतालीस दिनों में कम्पोस्ट तैयार होती है। केंद्र पर प्रतिदिन लगभग छह सौ किलोग्राम कचरा पहुँचता है।
तीसरे समूह के दस परिवार कचरा कूड़ेदान में डालते हैं और आगे की प्रक्रिया में उनकी प्रत्यक्ष सहभागिता नहीं रहती। खाद के वैज्ञानिक परीक्षण में घरेलू घूरे की खाद का औसत पीएच मान सात दशमलव पांच तथा सामुदायिक केंद्र की खाद का पीएच मान आठ पाया गया। अध्ययन से सामुदायिक केंद्र की व्यवस्थित प्रणाली में अपेक्षाकृत कम समय में खाद तैयार होने की जानकारी मिली। ग्राम छौंक में गेंदा एवं गुलाब, सरसों, आलू की खेती प्रमुख है। सामुदायिक केंद्र की खाद का खेतों में प्रयोग करने पर स्थानीय अवलोकन में बेहतर पैदावार दिखाई दी। इससे जैविक खाद के कृषि उपयोग के प्रति किसानों की रुचि बढ़ने की संभावना है। पैदावार में वास्तविक वृद्धि निर्धारित करने के लिए आगे नियंत्रित तुलनात्मक परीक्षण किया जाना प्रस्तावित है। इस परियोजना के पर्यावरणीय प्रभाव के रूप में कचरे का उचित निस्तारण और स्वच्छता को बढ़ावा मिला । कृषि संबंधी प्रभाव में जैविक खाद के उपयोग से मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने की संभावना है। आर्थिक प्रभाव के अंतर्गत स्थानीय स्तर पर कम लागत में खाद तैयार कर किसानों को लाभ पहुँचाया जा सकता है। सामाजिक प्रभाव के रूप में सामूहिक सहभागिता और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी विकसित होती है। वहीं शैक्षिक प्रभाव के अंतर्गत बच्चों को सर्वेक्षण, वैज्ञानिक परीक्षण और आँकड़ों के विश्लेषण का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। बाल वैज्ञानिकों ने ग्रामवासियों को गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने और जैविक कचरे से खाद बनाने के लिए जागरूक किया। इस शोध कार्य में ग्राम प्रधान मुकेश कुमार एवं पंचायत सहायक कृष्ण कुमार, इंचार्ज प्रधानाध्यापक विमलेश सेंगर, ग्रामवासी सावित्री देवी, सर्वेश कुमार, नीरज कुमार, पप्पू आदि का सराहनीय सहयोग रहा। बाल वैज्ञानिकों का यह प्रयास ग्राम छौंक में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जैविक कृषि और वैज्ञानिक चेतना को बढ़ावा देने की दिशा में महत्त्वपूर्ण पहल है।










